रेनॉल्ट अपनी लोकप्रिय SUV Renault Duster को अब एक नए और ज्यादा प्रैक्टिकल अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है. कंपनी जल्द ही इसका पिकअप ट्रक वर्जन लॉन्च करने वाली है, जिसे Renault Niagara नाम दिया गया है. इस नए मॉडल का टीजर सामने आने के बाद ऑटो सेक्टर में इसकी काफी चर्चा हो रही है. माना जा रहा है कि यह पिकअप ट्रक स्टाइल, पावर और यूटिलिटी का शानदार कॉम्बिनेशन लेकर आएगा.
मोनोकॉक प्लेटफॉर्म पर बेस्ड
रेनॉल्ट 10 सितंबर को इस नए पिकअप ट्रक से पर्दा उठाने वाली है. शुरुआत में इसे दक्षिण अमेरिकी बाजारों के लिए तैयार किया जाएगा और इसका प्रोडक्शन अर्जेंटीना में होगा. खास बात ये है कि ये भारी-भरकम पिकअप ट्रकों की तरह लैडर-फ्रेम प्लेटफॉर्म पर नहीं, बल्कि मोनोकॉक प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा. इससे ड्राइविंग ज्यादा आरामदायक और SUV जैसी महसूस होगी.
एडवेंचर ट्रिप्स के लिए बेहतर
डिजाइन की बात करें तो इसमें बड़ा और मजबूत लोडिंग बेड मिलेगा, जिससे ये रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ एडवेंचर ट्रिप्स के लिए भी बेहतर साबित हो सकता है. इसके रियर हिस्से में ड्रॉप-डाउन टेलगेट दिया जाएगा, जिस पर बड़े अक्षरों में NIAGARA लिखा दिखाई देगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका साइज मौजूदा डस्टर से बड़ा होगा और लंबा व्हीलबेस ज्यादा स्पेस देने में मदद करेगा.
इंटीरियर भी प्रीमियम
इंटीरियर में भी कंपनी इसे प्रीमियम बनाने की तैयारी में है. इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग, पैनोरमिक सनरूफ और मसाज फंक्शन वाली सीटें जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं. वहीं सेफ्टी के लिए लेवल-2 ADAS, 360 डिग्री कैमरा और हैंड्स-फ्री पार्किंग जैसे एडवांस फीचर्स भी दिए जा सकते हैं.
इंजन ऑप्शन
पावरट्रेन की बात करें तो इसमें दो इंजन ऑप्शन मिलने की संभावना है. पहला 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन होगा, जो करीब 163bhp की पावर देगा. दूसरा 1.8-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन हो सकता है, जो बेहतर माइलेज के साथ दमदार परफॉर्मेंस देगा। इसके अलावा कठिन रास्तों पर बेहतर पकड़ के लिए AWD सिस्टम भी मिलेगा.
हालांकि, फिलहाल Renault ने भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन अगर यह मॉडल भारतीय बाजार में आता है तो पिकअप सेगमेंट में नई हलचल पैदा कर सकता है.

