तापमान घटा,लेकिन झुलसाने वाली गर्मी बढ़ी, दोपहर में सूनी होने लगी सड़कें

रायपुर 26 मार्च (वेदांत समाचार)। गर्मी बढ़ने के साथ अब राजधानी में लोग घरों में सिमटने लगे हैं। सड़कों पर निकलना कम होते जा रहा है। धूप इतनी तीखी लग रही है कि लोग छांव ढूंढते भी दिख रहे हैं। सड़कों के किनारे लगे पेड़ पहले ही विकास की भेंट चढ़ चुके हैं। ऐसे में लोग ऊंची बिल्डिंग की परछाई में धूप से बचाव करने को विवश हैं।

दक्षिण से आ रही नमीयुक्त हवा के चलते भले ही अधिकतम तापमान में गिरावट आया है, लेकिन झुलसाने वाली गर्मी में और बढ़ोतरी हुई है। दोपहर की तपिश के साथ ही रात्रि में भी गर्मी और बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तरी छत्तीसगढ़ में दिन का पारा और भी बढ़ सकता है। हालांकि बस्तर संभाग में दिन-रात के तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

सड़कों पर पसरने लगा सन्नाटा

दक्षिण से आ रही नम हवाओं के चलते शुक्रवार सुबह-सुबह रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के साथ आंशिक बादल भी छाए रहे। हालांकि सुबह दस बजे के बाद फिर से तेज धूप आ गई। तेज धूप के कारण दोपहर तक गर्मी भी बढ़ गई। तेज धूप के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा भी पसरने लगा है। बढ़ती गर्मी के कारण इन दिनों विभिन्ना क्षेत्रों में ठंडे पदार्थों की दुकानें भी लग गई है। इसके साथ ही आइसक्रीम की भी खूब बिक्री हो रही है।

रायपुर में आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल

रायपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जो गुरुवार की अपेक्षा 2.4 डिग्री सेल्सियस कम है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार को भी रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ेगी। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तरी भाग में चढ़ेगा पारा

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में पश्चिम से हवा और दक्षिण छत्तीसगढ़ में दक्षिण से नमीयुक्त हवा आ रही है। इसके कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि उत्तरी छत्तीसगढ़ में अब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।