कलेक्टर के मैदानी क्षेत्रों के सघन भ्रमण से काम-काज में आया आशातीत सुधार, कलेक्टर द्वारा नवागढ़, पामगढ़ विकासखंड के विभिन्न कार्यालयों का सघन निरीक्षण

0 राजस्व के लंबित प्रकरण 30 मार्च तक निराकृत करने के निर्देश।

0 एस डी एम,तहसील, जनपद कार्यालय, उपभोक्ता भंडार, गौठानों, आत्मानंद स्कूल, का सघन निरीक्षण।

जांजगीर-चांपा ,23 मार्च, (वेदांत समाचार)। कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार शुक्ला के जिले के मैदानी क्षेत्रों के लगातार सघन भ्रमण और विभागीय कार्यालयों के निरीक्षण परिणाम स्वरूप शासकीय कार्यालयों के संचालन, कार्यप्रणाली में सकारात्मक सुधार आया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर द्वारा दिये जा रहे मार्गदर्शन से विभागीय कार्याें में जनोन्मुखी सुधार परिलक्षित हो रहा है। कलेक्टर ने आज नवागढ़, पामगढ़ विकासखंड के तहसील कार्यालयों, एस डी एम कार्यालय पामगढ़,जनपद कार्यालय, गौठान, पीडीएस दुकानों का सघन निरीक्षण किया। आज कलेक्टर द्वारा मैदानी निरीक्षण में विभागीय काम काज संतोषजनक पाया गया।


नवागढ़ तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, कानूनगो, लोक सेवा गारंटी, राजस्व शाखा के कार्याे का अवलोकन किया। उन्होंने वहां पदस्थ तहसीलदार शेखर पटेल को राजस्व के सभी लंबित प्रकरणों का 30 मार्च तक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बकाया वसूली की कार्यवाही भी शीघ्र करने कहा।

  

जनपद कार्यालय नवागढ़ का निरीक्षण –

कलेक्टर ने आज नवागढ़ जनपद कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां मनरेगा मस्टर रोल, पेंशन भुगतान की जानकारी ली। कलेक्टर ने पेंशन के नॉन डीबीटी के भुगतान को डीबीटी में कन्वर्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के स्वीकृत निर्माण कार्य 30 मार्च तक पूर्ण करने कहा।

 

पचेड़ा गौठान का निरीक्षण, आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश –

 

कलेक्टर ने नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पचेड़ा गौठान के निरीक्षण के दौरान वहां मशरुम उत्पादन, कंपोस्ट खाद निर्माण एवं विक्रय, निर्माणाधीन मशरूम शेड, मुर्गी पालन बकरी पालन शेड का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला स्व सहायता समूह से मुर्गी पालन ,सब्जी उत्पादन, दोना पत्तल निर्माण के संबंध में चर्चा की और इनसे होने वाली आय की जानकारी ली। कलेक्टर ने गौठान के संचालन के प्रति अपना संतोष जाहिर करते हुए यहां आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने पचेड़ा सोसाइटी का निरीक्षण किया और उपभोक्ताओं से यहां मिलने वाले चावल, शक्कर आदि की मात्रा और कीमत की जानकारी ली। राशन कार्ड धारियों ने राशन दुकान संचालन के प्रति संतोष व्यक्त किया। कलेक्टर ने मौके पर ट्राईसाईकिल चलाकर राशन लेने आए दिव्यांग जन श्री फूलचंद कश्यप से आत्मीय चर्चा की और खाद्यान्न, शक्कर आदि सोसायटी से नियमित मिलने की जानकारी ली।
कलेक्टर ने शिवरीनारायण तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां विभिन्न शाखाओं के निरीक्षण के दौरान राजस्व के सभी लंबित प्रकरणों का 30 मार्च के पूर्व निराकरण करने तथा राजस्व वसूली की कार्रवाई के निर्देश दिए।


लोहर्सी गौठान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वसहायता समूह द्वारा की जा रही सब्जी की खेती का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सड़क किनारे संचालित हो रहे इस गौठान संचालन के प्रति अपना संतोष जाहिर किया। उन्होंने यहां भी महिला समूहों की आय में इजाफा हो, इसके लिए गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पामगढ़ एसडीएम कार्यालय और आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल पामगढ़ का निरीक्षण किया। एसडीएम कार्यालय के निरीक्षण में कलेक्टर ने वहां के कार्यो के प्रति अपना संतोष जाहिर किया। आत्मानंद स्कूल में उन्होंने कुछ पुराने फर्नीचर्स को आवश्यकतानुसार बदलने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती लीना कोसम, एस डी एम जांजगीर श्रीमती नंदिनी साहू और खाद्य अधिकारी श्री मनोज त्रिपाठी भी मौजूद थे।