BREAKING : ATM को गैस कटर से काट रहे थे बदमाश,15 लाख के नोट जले

कांकेर 20 मार्च (वेदांत समाचार)। चोरों ने SBI का ATM काटकर चोरी करने का प्रयास किया। गैस कटर से चैंबर काटने के दौरान अचानक ATM में आग लग गई। इसके चलते अंदर रखे करीब 15 लाख रुपए जलकर खाक हो गए। यह रकम ज्यादा भी हो सकती है। फिलहाल बैंक की ओर से इतने ही रुपयों का अनुमान लगाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो चोर सफेद रंग की कार में भाग निकले। पुलिस ने 3 अज्ञात चोरों पर FIR दर्ज की है।

दरअसल, पूरी वारदात पंखाजूर क्षेत्र में होलिका दहन की देर रात हुई है। बताया जा रहा है कि सफेद कार में कुछ लोग रात करीब 3 बजे नगर पंचायत के पास लगे SBI के ATM पहुंचे। इस बूथ में दो ATM लगे हुए हैं, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। चोरों ने बूथ के सामने ही अपनी गाड़ी खड़ी की और फिर शटर गिरा दिया। चोरों ने दोनों ATM में तोड़-फोड़ कर ऊपर का कवर हटा दिया। फिर गैस कटर से एक ATM को काटना शुरू किया। रविवार देर शाम मामले में टोटल अमाउंट का पता चला है। इससे पहले आग लगने की खबर थी।

इसी दौरान ATM में आग लग गई। इसके चलते चोर हड़बड़ा गए। इससे पहले कि कुछ कर पाते, आग बढ़ी और उस ATM में रखे सारे रुपए जलकर खाक हो गए। इस दौरान ATM के आसपास रहने वालों ने शटर गिरने की आवाज सुनी तो वे भी बाहर आकर देखने लगे। इसकी भनक चोरों को लगी तो वे भी वहां से भाग निकले। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची तो ATM जल रहा था। इस पर उन्होंने रेत डालकर आग पर काबू किया।

पुलिस ने जानकारी बैंक कर्मचारियों को दी और इसके बाद जो ATM सुरक्षित था, उसे निकाल कर साथ ले गए। बैंक की ओर से बताया गया है कि अनुमान के अनुसार, ATM में 15 लाख रुपए थे। हालांकि उनका कहना है कि मुंबई की मेन ब्रांच से ही जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। उन्हें सूचना दी गई है, अभी तक वहां से रुपयों को लेकर कुछ बताया नहीं गया है। फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। अभी तक चोरों की पहचान ही नहीं हो सकी है।

पुलिस के कैमरों से नहीं मिली मदद, अब निजी कैमरों को खंगालेगी
पुलिस की ओर से नगर में लगाए गए CCTV से कोई मदद नहीं मिल सकी है। जिस जगह ATM है वह नगर का मुख्य मार्ग है। इस जगह को पुलिस के लगाए कैमरों की कवरेज नहीं है। ऐसे में पुलिस आसपास निजी लोगों के कैमरों की मदद ले रही है। इसके अलावा ATM में लगे कैमरों का भी रिकार्ड मांगा गया है, लेकिन बैंक ने अब तक उपलब्ध नहीं कराया है। चोरी करने आए चोरों ने नकाब नहीं पहना था। ऐसे में उम्मीद है की उनकी पहचान हो जाएगी।