राज्यसभा के लिए AAP ने किया हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, संदीप पाठक के नाम का ऐलान

पंजाब 20 मार्च (वेदांत समाचार)। आदमी पार्टी (AAP) ने हरभजन सिंह, राघव चड्ढा और संदीप पाठक को पंजाब से राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। पंजाब विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद इन नामों की अटकलें लगाई जा रही थीं। सोमवार को इसका आधिकारिक ऐलान कर कर दिया गया। खासतौर पर हरभजन सिंह का नाम चर्चा में था। पूर्व क्रिकेटर ने पंजाब चुनावों के समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात की थी।

तब से उनके राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं। राघव चड्ढा जहां आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और विधायक हैं, वहीं डॉ संदीप पाठक शिक्षाविद हैं। पंजाब से 2 और राज्यसभा सदस्यों का नामांकन होना है। इनका ऐलान पार्टी बाद में करेगी।

दिल्ली में राजिंदर नगर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चड्ढा को दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के कर्ताधर्ता अरविंद केजरीवाल का करीबी माना जाता है। पंजाब चुनावों में राघव चड्ढा ने अहम भूमिका निभाई है। वहीं डॉ पाठक का भी पंजाब में आप की जीत में महत्वपूर्ण योगदान है। पंजाब चुनावों में AAP ने 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज की है।