BRAKING : जादू-टोना के शक में बुजुर्ग महिला की हत्या

जगदलपुर 20 मार्च (वेदांत समाचार)। जादू-टोना के शक में 60 साल की एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई है। पड़ोस में रहने वाले महिला के रिश्तेदार ने ही वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि घर में महिला को अकेला देख युवक ने चाकू से पेट और सीने में वारकर मार डाला। फिर मौके से फरार हो गया। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। हालांकि कुछ ही घंटे में पुलिस ने आरोपी को खोज निकाला और गिरफ्तार कर लिया है। मामला परपा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक नानपुर गांव में रहने वाली 60 साल की बुजुर्ग दयमनी घर में अकेली रहती थी। उनका पड़ोस में रहने वाला रिश्तेदार घासीराम कश्यप ने मौके का फायदा उठाया और घर में घुस गया। फिर सब्जी काटने वाले चाकू से बुजुर्ग पर वार कर उसे मार दिया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।वारदात को अंजाम देने के बाद युवक ने खुद ही गांव के लोगों को हत्या की जानकारी दी। जब लोग घर पहुंचने लगे तो युवक मौके का फायदा उठा कर भाग गया। ग्रामीणों ने हत्या की जानकारी पुलिस को दी।

मौके पर पहुंचे जवानों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। जिसके बाद आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई थी। मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी युवक गांव में ही एक घर में छिपा हुआ है। जिसके बाद कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पुछताछ में आरोपी ने बताया कि दयमनी ने उसके बड़े बेटे पर जादू-टोना कर दिया था। जिससे वह पागल हो गया था। इसी गुस्से में आकर उसने महिला की हत्या कर दी।