होली त्योहार से पहले कांकेर में हृदय विदारक घटना, तालाब में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत

कांकेर \ होली से एक दिन पहले एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। घर से कुछ दूरी पर बने डबरीनुमा तालाब में नहाने गए दो बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के वक्त बच्चों के माता-पिता घर पर नहीं थे। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। पूरे गांव में मातम पसरा है। हादसा अति नक्सल प्रभावित आमाबेड़ा थाना क्षेत्र में हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

थाना प्रभारी भोजराम ध्रुव ने बताया कि पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई है। ग्राम किसकोड़ो निवासी अमरसिंह गावड़े अपनी पत्नी के साथ काम पर गए थे। अमरसिंह का बड़ा बेटा संदीप बकरी चराने जंगल गया था। संध्या (8 वर्ष) और अर्जुन गावड़े (5 वर्ष) घर पर ही थे। शाम को जब बड़ा भाई घर आया तब दोनों बच्चे घर में नहीं मिले। उसने आसपास बच्चों को ढूंढा और गांव के लोगों से दोनों के बारे में पूछताछ भी की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

शाम को माता-पिता लौटे तब मिला शव 
शाम को बच्चों के माता-पिता घर लौटे तब फिर संध्या और अर्जुन की तलाश शुरू की गई। परिजन घर से कुछ बने डबरी पर पहुंचे तब दोनों बच्चों के कपड़े बाहर रखे हुए थे। अमर सिंह ने पानी के अंदर जाकर देखा तो संध्या व अर्जुन के शव मिले। ऐसी आशंका है कि दोनों बच्चे नहाने गए थे और पानी में डूब गए होंगे। मासूम भाई-बहनों की मौत से परिवार सदमें में है। गांव के कोटवार ने सूचना दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची। होली त्योहार में हुए इस घटना से पूरे गांव में मातम है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।