सक्ती, 28 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंदोरा में शनिवार को अज्ञात हमलावरों ने एक 25 वर्षीय युवक को मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान राहुल गबेल के रूप में हुई है, जिसकी सिर पर वार कर निर्मम हत्या की गई है।
बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में पाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटनास्थल पर खून के निशान साफ तौर पर हमले की पुष्टि कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
