[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

बाइक चोर गैंग का भंड़ाफोड़ : 19 साल के मास्टरमाइंड समेत सात गिरफ्तार, 25 हजार में बेचते थे चोरी की गाड़ियों

बिलासपुर,27 मार्च (वदंत समाचार) : शहर में लगातार बाइक चोरी के मामलों में एसीसीयू को बड़ी सफलता मिली है. सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए टीम ने बिलासपुर, जांजगीर और दुर्ग में सक्रिय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर चोरी की 6 बाइक समेत तीन खरीददार भी पकड़े गए. पकड़े गए चोरों में 19 साल का मास्टर माइंड भी शामिल है.

एसएसपी रजनेश सिंह ने लगातार बाइक चोरी के मामले बढ़ने के बाद एससीसीयू को जांच के निर्देश दिए थे. टीम ने शहर के अलग-अलग जगहों के करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रूट चार्ट तैयार कर संदिग्धों की पहचान की. जांच में मस्तूरी के वेद वेदपरसदा में मुख्य आरोपी साहिल मरावी का होना पाया गया. टीम ने तुरंत वहां दबिश दी और साहिल को हिरासत में लिया. शुरू में साहिल टीम को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने सारे राज उगल दिए. उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों से बाइक चोरी करता था. साहिल की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों और बाइक खरीददारों को भी गिरफ्तार किया.

दुर्ग और जांजगीर तक फैले थे तार
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि आरोपियों ने बिलासपुर के सरकंडा, सिविल लाइन और कोतवाली क्षेत्र से चार, दुर्ग के मोहन नगर से एक और जांजगीर जिले से एक बाइक चोरी की थी. पुलिस ने गिरोह से कुल करीब दो लाख रुपए कीमत की छह बाइक बरामद की हैं. एसएसपी ने टीम को कैश रिवार्ड देने की घोषणा की.

चोरी की बाइक खरीदने वाले भी गिरफ्तार
वेद वेदपरसदा का साहिल मरावी अपने साथियों निलेश शुक्ला, हिमांशु जगत और रायपुर निवासी रितेश सेन के साथ वारदात को अंजाम देता था. चोरी की बाइक गांव के रघुनंदन साहू, नंदकुमार रजक और सोनू केंवट को 20 से 25 हजार रुपए में बिना दस्तावेज के बेची जाती थीं. पुलिस ने खरीदारों को भी आरोपी बनाया है.

[metaslider id="133"]