नई दिल्ली,27 मार्च । केंद्र सरकार ने वित्त विधेयक 2026 को लोकसभा में पारित कर दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विधेयक को सदन में पेश करते हुए कहा कि इसमें कई महत्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं, जिनका असर बड़े कर मामलों और एमएसएमई सेक्टर पर पड़ेगा।
सदन में चर्चा का जवाब देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि भारत तेज़ी से आर्थिक सुधारों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सुधार किसी बाहरी दबाव का परिणाम नहीं, बल्कि सरकार की स्पष्ट नीति और दीर्घकालिक दृष्टिकोण का हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित नया आयकर कानून कर प्रणाली को सरल और विवाद-मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।
इससे करदाताओं के लिए अनुपालन आसान होगा और टैक्स विवादों में कमी आएगी। सरकार का फोकस एक पारदर्शी, भरोसेमंद और सरल टैक्स सिस्टम तैयार करने पर है। वित्त मंत्री ने कहा कि डिजिटल प्रक्रियाओं और यूज़र-फ्रेंडली सिस्टम के जरिए टैक्स फाइलिंग को पहले से अधिक आसान बनाया जा रहा है, ताकि ईमानदार करदाताओं को कम से कम परेशानियों का सामना करना पड़े।
