रायपुर,25 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्राइम ब्रांच ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। फाइनेंस कंपनी की आड़ में संचालित किए जा रहे एक कॉल सेंटर पर छापेमारी कर पुलिस ने 25 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार यह कॉल सेंटर गंज थाना क्षेत्र के पास स्थित पिथलिया कॉम्प्लेक्स की तीसरी और चौथी मंजिल में चल रहा था। आरोपी रात के समय कॉल सेंटर ऑपरेट करते थे और अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी को अंजाम देते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताकर विदेशी नागरिकों को झांसे में लेते थे और उनसे बड़ी रकम वसूलते थे। यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था।
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को अब तक की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसमें एक साथ बड़ी संख्या में आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस को मौके से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। जिनमें कार्रवाई की पूरी तस्वीर सामने आई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह के अन्य नेटवर्क और कनेक्शन की जांच में जुटी हुई है।
