Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने डेढ़ साल के मासूम की ईंट से हत्या की

Vedant Samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा,25 मार्च (वेदांत समाचार) । जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्री की है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शिवाजी केवट (32 वर्ष) ने आज बुधवार सुबह करीब 10 बजे अपने डेढ़ साल के बेटे अनुराग पर ईंट से हमला कर उसकी जान ले ली। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी से खाना नहीं मिलने पर गुस्से में आ गया था। इसी गुस्से में उसने खाट पर लेटे मासूम बच्चे को उठाया और घर के पास ले जाकर उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान जब बच्चे की दादी उसे बचाने पहुंचीं, तो आरोपी ने उन पर भी ईंट से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गईं। घर के आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचकर किसी तरह आरोपी को काबू में किया और रस्सी से बांध दिया, ताकि वह फरार न हो सके।

परिजनों के मुताबिक, आरोपी शिवाजी केवट की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज भी चल रहा है। बताया गया कि उसे हर छह महीने में इंजेक्शन दिया जाता है, लेकिन इस बार समय पर इलाज नहीं हो पाया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। यह घटना न केवल पारिवारिक विघटन बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही के गंभीर परिणामों को भी उजागर करती है।

Share This Article