Vedant Samachar

CSPDCL को ‘ए’ ग्रेड, 14वीं राष्ट्रीय रेटिंग में बड़ी छलांग…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,25 मार्च (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने विद्युत वितरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार करते हुए देशभर में अपनी रैंकिंग मजबूत की है। भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ पावर द्वारा जारी 14वीं वार्षिक इंटीग्रेटेड रेटिंग एंड रैंकिंग में कंपनी को इस बार ग्रेड ‘ए’ प्रदान किया गया है।

देश की कुल 54 विद्युत वितरण कंपनियों के बीच जारी इस रेटिंग में CSPDCL का प्रदर्शन पहले की तुलना में काफी बेहतर रहा है। कंपनी ने पिछली (13वीं) रेटिंग के 54.41 अंक से बढ़कर इस बार 70.40 अंक हासिल किए हैं, यानी 16 अंकों से अधिक का महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया गया है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री के सचिव सुबोध कुमार सिंह तथा ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव ने कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।

CSPDCL के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि कंपनी ने प्रशासनिक दक्षता, वित्तीय प्रबंधन और उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम इस रेटिंग में दिखाई दिया है।

उन्होंने बताया कि रेटिंग निर्धारण में तकनीकी प्रदर्शन, वित्तीय स्थिति, उपभोक्ता सेवाएं, नियामकीय अनुपालन और प्रशासनिक दक्षता जैसे प्रमुख मानकों को आधार बनाया जाता है।

कंपनी द्वारा लाइन लॉस में कमी, बिलिंग एवं राजस्व संग्रह में सुधार, शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने तथा अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन प्रयासों के चलते कंपनी की कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय सुधार आया है।

प्रबंध निदेशक ने इस उपलब्धि का श्रेय राज्य शासन के मार्गदर्शन, अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास और उपभोक्ताओं के सहयोग को दिया है। साथ ही, आगामी रेटिंग में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए उच्चतर ग्रेड प्राप्त करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

Share This Article