Vedant Samachar

जल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए एसईसीएल को राष्ट्रीय सम्मान, वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026 से नवाजा गया

Vedant samachar
2 Min Read

नई दिल्ली/बिलासपुर, 24 मार्च 2026। जल संरक्षण और औद्योगिक जल प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए South Eastern Coalfields Limited (एसईसीएल) को ‘वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026’ के तहत “इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल वाटर मैनेजमेंट एंड स्ट्यूअर्डशिप अवार्ड” से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान 23 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में Raj Bhushan Choudhary, जल शक्ति राज्य मंत्री, भारत सरकार के करकमलों से प्रदान किया गया। एसईसीएल की ओर से कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन और निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।

यह पुरस्कार एसईसीएल द्वारा खान जल के सदुपयोग के तहत किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों के लिए दिया गया है। कंपनी खदानों से निकलने वाले जल को संरक्षित कर आसपास के क्षेत्रों में जल संकट कम करने के साथ-साथ किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध करा रही है।

इस पहल के जरिए न केवल जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता भी बढ़ी है। किसानों को सिंचाई के लिए स्थायी जल स्रोत मिलने से अब वे वर्ष में दो फसलें लेने में सक्षम हो रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।

इस अवसर पर हरीश दुहन ने कहा कि जल संरक्षण एसईसीएल की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और कंपनी सतत एवं जिम्मेदार खनन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खान जल के सदुपयोग की यह पहल आसपास के समुदायों, विशेषकर किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

एसईसीएल की इस उपलब्धि को क्षेत्र में समावेशी विकास और सतत जल प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article