Vedant Samachar

धमतरी में आदतन बदमाश ‘कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू’ जिला बदर, 6 जिलों से एक साल के लिए निष्कासित

Vedant Samachar
3 Min Read

धमतरी,24 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में Dhamtari के आदतन अपराधी कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू नायक को जिला बदर कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा की गई।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के तहत आरोपी को एक वर्ष की अवधि के लिए धमतरी सहित Raipur, Balod, Kanker, Gariaband, Durg और Kondagaon जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित किया गया है। इस अवधि में आरोपी बिना सक्षम न्यायालय की अनुमति के इन जिलों में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

जानकारी के अनुसार कृष्णा नायक, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्ष 2018 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, लूट, डकैती, अवैध कब्जा, हथियार के बल पर भय पैदा करना और मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहा था तथा युवाओं को नशे की ओर प्रेरित कर सामाजिक व्यवस्था को प्रभावित कर रहा था। इससे आम नागरिकों में दहशत का माहौल बना हुआ था।

छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 (क) (ख) के तहत यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आदेश का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर बलपूर्वक निष्कासन भी किया जाएगा।

पुलिस विभाग ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक 10 बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि वर्ष 2026 में यह पहला मामला है। साथ ही, जिले में सक्रिय अन्य अपराधियों के खिलाफ भी निगरानी बढ़ाते हुए उनके रिकॉर्ड का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई की जा सके।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share This Article