Vedant Samachar

BREAKING : इमलीछापर चौक पर चक्काजाम शुरू: अधूरा ओवरब्रिज व फोरलेन निर्माण के विरोध में सड़क पर उतरे लोग…

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा,24 मार्च ( वेदांत समाचार )। कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर चौक पर लंबे समय से अधूरे पड़े ओवरब्रिज और फोरलेन सड़क निर्माण के विरोध में मंगलवार को अनिश्चितकालीन चक्काजाम आंदोलन शुरू हो गया। सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी और आमजन शामिल हो गए हैं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुरू हुए इस चक्काजाम के चलते कोरबा–कुसमुंडा मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। दुपहिया वाहनों को विकास नगर कॉलोनी के रास्ते से निकाला जा रहा है, जबकि चार पहिया और भारी वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए हैं।

उल्लेखनीय है कि इमलीछापर चौक पर पिछले तीन वर्षों से ओवरब्रिज और फोरलेन सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। एसईसीएल के सीएसआर फंड से सर्वमंगला चौक से कुचैना मोड़ तक फोरलेन सड़क बनाई जा रही है, लेकिन इमलीछापर चौक के पास काम लंबे समय से रुका हुआ है। साथ ही रेलवे फाटक से राहत के लिए शुरू किया गया ओवरब्रिज निर्माण भी अधूरा है।

निर्माण कार्य ठप होने से इमलीछापर चौक से कुचैना मोड़ तक सड़क जर्जर हो चुकी है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। ओवरब्रिज नहीं बनने के कारण लोगों को रेलवे फाटक पर लंबा इंतजार करना पड़ता है या वैकल्पिक मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे कुसमुंडा सहित गेवरा-दीपका, बांकीमोंगरा, हरदीबाजार और शहर की ओर आने-जाने वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों की लगातार मांग के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। विकास नगर वार्ड की पार्षद गीता गभेल के नेतृत्व में यह आंदोलन शुरू किया गया है। कुसमुंडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने कहा कि प्रशासन हर बार आश्वासन देकर भूल जाता है, इसलिए इस बार काम शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

ज्ञात हो कि ओवरब्रिज निर्माण का कार्य राइट्स द्वारा कराया जा रहा है। विकास नगर की ओर से आंशिक निर्माण किया जा चुका है, लेकिन रेलवे फाटक से थाना चौक की ओर कार्य अधूरा है। अतिक्रमण को बाधा बताते हुए करीब दो वर्ष पहले कार्य रोक दिया गया था। हालांकि नौ माह पूर्व प्रशासन ने अतिक्रमण हटवा दिया, इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया है।

फिलहाल इमलीछापर चौक पर चक्काजाम जारी है और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Share This Article