Vedant Samachar

पान दुकान में चोरी का खुलासा, चंद घंटों में अपचारी बालक पकड़ा गया

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 22 मार्च 2026। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में पान दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदा निवासी अशोक कुमार तंबोली की “मुन्ना पान ठेला” नाम से दुकान राजीव गांधी चौक के पास स्थित है। वे 21 मार्च की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे जब वे दुकान पहुंचे, तो दुकान का दरवाजा टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

जांच करने पर पता चला कि गल्ले में रखे करीब 2,000 रुपये नकद सहित राजश्री, विमल गुटखा, पान पराग और सिगरेट जैसे सामान चोरी हो गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 27,000 रुपये आंकी गई।

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदेही अपचारी बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, कुछ चोरी का सामान और 400 रुपये नगद बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में प्र.आर. मुकेश यादव, आरक्षक रज्जू रात्रे, रोहित साहू, टिकेश्वर राठौर, संदीप सोनंत एवं म.आर. चंद्रप्रभा शातेय का सराहनीय योगदान रहा।

Share This Article