Vedant Samachar

महिला सुरक्षा के लिए चारपारा में महिला कमांडो टीम गठित, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,22 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चारपारा में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज रविवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गांव की महिलाओं को सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी बलौदा मनोहर सिन्हा ने ग्रामीणों एवं महिलाओं के साथ संवाद किया और उन्हें समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान 60 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया, जिसमें गांव की सक्रिय महिलाओं को शामिल किया गया है। इस टीम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाना तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम में सहयोग करना है।

थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने महिला कमांडो टीम को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए बताया कि टीम गांव में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करेगी, आपात स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना देगी और नशा व अपराध के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाएगी।

इस अवसर पर टीम की पहचान के लिए महिलाओं को टोपी और सीटी भी वितरित की गई, ताकि वे अपने कार्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस विभाग को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Share This Article