रायगढ़, 21 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय युवती ने 20 मार्च 2026 को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से रामभाठा निवासी प्रतीक सिदार से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और आरोपी ने शादी का वादा कर पीड़िता के साथ संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, 4 मार्च 2024 से जनवरी 2026 के बीच आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी प्रतीक सिदार (26 वर्ष) निवासी रामभाठा, ज्वाहर नगर, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और हर शिकायत पर त्वरित व कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
