Vedant Samachar

खुले में अंतिम संस्कार की मजबूरी होगी खत्म, 9 मुक्तिधामों में 4.45 करोड़ से शेड, प्लेटफॉर्म, पानी और लाइट जैसे काम

Vedant Samachar
2 Min Read

बिलासपुर, 21 मार्च (वेदांत समाचार): बिलासपुर शहर और आउटर क्षेत्र के मुक्तिधामों में मूलभूत सुविधाओं की कमी दूर करने के लिए नगर निगम ने 4.45 करोड़ रुपए का विकास प्रस्ताव शासन को भेजा है। मंजूरी मिलते ही नौ मुक्तिधामों में शेड, प्लेटफॉर्म, पेवर ब्लॉक, पेयजल, लाइट और बाउंड्रीवॉल जैसे काम शुरू किए जाएंगे। नगर निगम ने शहर के अलग-अलग वार्डों और आउटर क्षेत्रों में स्थित मुक्तिधामों के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है।

कई मुक्तिधामों में लंबे समय से शेड, बैठने की व्यवस्था, पानी, रोशनी और पक्के रास्तों जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को खासकर बरसात और गर्मी के मौसम में काफी परेशानी होती है। कई जगह खुले में ही अंतिम संस्कार करना पड़ता है और परिजनों को बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं मिलती। निगम के प्रस्ताव के अनुसार मुक्तिधामों में सीमेंटेड प्लेटफॉर्म, शेड निर्माण, पेवर ब्लॉक, पेयजल व्यवस्था, एलईडी लाइट, बाउंड्रीवॉल और हरियाली विकास जैसे कार्य किए जाएंगे।

इससे न केवल अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि इन स्थानों की स्वच्छता और व्यवस्था भी बेहतर होगी। निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर के विस्तार के साथ मुक्तिधामों पर दबाव भी बढ़ा है। कई जगह पर्याप्त बुनियादी ढांचा नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। शासन से मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Share This Article