Vedant Samachar

आदर्श नगर कुसमुंडा में प्रेरणा महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा 19 मार्च (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के प्रेरणा महिला मंडल द्वारा आदर्श नगर कुसमुंडा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि रविंदर कौर (रानी), मीडिया प्रभारी निक्की कौर एवं मिशा रंधावा के आतिथ्य में मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हुआ, जिसमें महिलाओं ने एक से बढ़कर एक आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बॉलीवुड गीतों पर प्रस्तुत किए गए इन नृत्यों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

यह आयोजन महिलाओं की आत्मनिर्भरता, सशक्तिकरण और उनके भीतर छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया था। कार्यक्रम का सफल संचालन अध्यक्ष उमा कुमारी, कोषाध्यक्ष मंजू यादव, सचिव धूलेश्वरी साहू, संगठन प्रभारी मनजीत कौर साव एवं सचिव श्वेता प्रमाणिक के संयोजन में किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष उमा कुमारी ने कहा कि प्रेरणा महिला मंडल द्वारा हर वर्ष महिला दिवस को बड़े स्तर पर आयोजित किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है। वहीं मुख्य अतिथि रविंदर कौर (रानी) ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर हुई हैं। समाज में उनके प्रति नजरिया लगातार बदल रहा है और आने वाले समय में और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

कार्यक्रम के दौरान रानी झा ने भी महिलाओं के सम्मान पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं देवी स्वरूप होती हैं, इसलिए समाज को सदैव उनका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों और समानता के लिए निरंतर प्रयास का प्रतीक है।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर फूलों की होली खेली और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। साथ ही सभी महिलाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रेरणा महिला मंडल के साथ-साथ आसपास की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, जिससे कार्यक्रम और भी भव्य एवं सफल बना।

Share This Article