कोरबा, 19 मार्च (वेदांत समाचार)। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कटघोरा में विभिन्न कृषि गतिविधियों के तहत लगभग 60 एकड़ क्षेत्र में प्रमाणित बीज उत्पादन का कार्य किया जा रहा है, जिससे शासन को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराए जा सकें। खरीफ एवं रबी दोनों मौसमों में विविध फसलों का उत्पादन यहां नियमित रूप से किया जाता है।
इसी क्रम में डॉ एस.एस. टुटेजा, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक बीज एवं प्रक्षेत्र ने कृषि महाविद्यालय कटघोरा का एकदिवसीय भ्रमण किया। इस दौरान उनका स्वागत महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ राजेश कुमार साहू द्वारा किया गया।

प्रक्षेत्र प्रभारी डॉ तरुण कुर्रे ने फार्म में संचालित बीज उत्पादन एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी देते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में तीनों मौसमों के अनुरूप फसल योजना बनाकर खेती की जा रही है। इसके साथ ही कैश बुक एवं अन्य अभिलेखों का निरीक्षण भी कराया गया, जिस पर निदेशक ने सभी पंजियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लगभग 50 एकड़ के फार्म में लगी फसलें जैसे अलसी, गेहूं, सूरजमुखी एवं भिंडी का अवलोकन कर निदेशक ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने हाल ही में मेड़ों में लगी आग की घटना पर चिंता जताते हुए भविष्य में सुरक्षा के समुचित उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस पर अधिष्ठाता डॉ राजेश साहू एवं प्रक्षेत्र प्रभारी डॉ तरुण कुर्रे ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का आश्वासन दिया।
