रायगढ़19 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान चोरी के एक मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान भी बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम टेरम में हुई चोरी की वारदात का खुलासा किया।
मामले में प्रार्थी किशन लाल जोल्हे (29 वर्ष), निवासी ग्राम टेरम ने 17 मार्च 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह परिवार सहित ईंट निर्माण कार्य के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान 8 से 10 फरवरी के बीच अज्ञात आरोपियों ने उनके मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे एलईडी टीवी, आयरन, कांस के बर्तन और तांबे के सिक्के सहित करीब 15 हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली थी। पुलिस ने इस पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिरों की सूचना पर पुलिस को संदेहियों के रूप में गजेन्द्र सारथी उर्फ गज्जु (19) निवासी बैहामुड़ा और परमेश्वर राठिया (19) निवासी भेंडरा कपाटडेरा के नाम सामने आए। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने 9 फरवरी की रात सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने चोरी का सामान बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते अपने घर ले जाकर आपस में बांट लिया था। कुछ सामान कबाड़ी को बेच दिया गया, जिसकी रकम खर्च कर दी गई।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर गजेन्द्र सारथी से एक बैटरी और आयरन (कीमत करीब 8,000 रुपये) तथा परमेश्वर राठिया से कांस के बर्तन (कीमत करीब 1,200 रुपये) जब्त किए। कुल 9,200 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक प्रदीप तिग्गा और भानु चंद्रा की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि चोरी जैसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
