Vedant Samachar

ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को रौंदा मौत…

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा ,18 मार्च (वेदांत समाचार)। कोरबा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को रौंद दिया, जिसके बाद ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में तीनों युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। घटना पाली थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को कुचलते हुए पलट गया। हादसा इतना अचानक और भयावह था कि युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला।

मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओम प्रकाश के रूप में हुई है, जो पोटापानी गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है। उनकी मांग है कि उचित मुआवजा दिया जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जानकारी के मुताबिक बृजपाल सिंह कंवर, मंगल सिंह और ओम प्रकाश दीपका के निजी कंपनी में काम करते थे। बुधवार सुबह तीनों बाइक से काम पर जा रहे थे।

इस दौरान नूनेरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को कुचल दिया, जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला था। बाद में ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया।

सड़क पर बिखरा कोयला

हादसे के कारण सड़क पर कोयला बिखर गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। घटना से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।

मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़े

लेकिन नाराज परिजन और ग्रामीण मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल, पुलिस लोगों को समझाइश देने में जुटी हुई है। इसके अलावा युवकों के शवों का पंचनामा पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है।

पुलिस बोली- ड्राइवर की तलाश जारी

इस मामले में पाली थाना पुलिस का कहना है कि ट्रक ड्राइवर ने बाइक सवार युवकों को कुचला है, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर भाग निकला, उसके खिलाफ केस दर्ज तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article