जंगल में बकरी चरा रहे ग्रामीण पर भालू का हमला, घायल – vedantsamachar.in

जंगल में बकरी चरा रहे ग्रामीण पर भालू का हमला, घायल

कोरबा 15 मई 2026। वन मंडल कोरबा के करतला रेंज क्षेत्र में गुरुवार को जंगल में बकरी चराने गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए करतला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर भालू के हमले की यह तीसरी घटना बताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बोतली निवासी मोहनलाल राठिया (43 वर्ष), पिता छदु राम राठिया, गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे बकरी चराने के लिए नवापारा स्थित घोघरा मुंडा जंगल गया हुआ था। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उस पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए मोहनलाल ने साहस दिखाते हुए भालू का मुकाबला किया, लेकिन भालू ने उसके बांए जांघ पर काटकर घायल कर दिया।

ग्रामीण के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। घायल अवस्था में मोहनलाल किसी तरह अपने घर पहुंचा, जहां परिजनों ने तत्काल उसे करतला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और घायल ग्रामीण को तात्कालिक सहायता के रूप में 500 रुपये प्रदान किए। लगातार हो रही भालू हमले की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और वन्यजीवों की निगरानी करने की मांग की है।