रायगढ़, 15 मार्च (वेदांत समाचार)। फरार आरोपियों और लंबित वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 10 से 15 मार्च तक चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने 141 स्थायी वारंट और 105 गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए कुल 246 वारंटों का निष्पादन किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की टीमों ने लगातार दबिश देकर कई वर्षों से फरार वारंटियों और गंभीर मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार आरोपी अभिषेक ठाकुर तथा तमनार पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में आरोपी मिथुन सा को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस को विशेष सफलता मिली, जहां उड़ीसा के दो शातिर स्थायी वारंटी दशरथ विश्वाल निवासी लखनपुर रेंगाली (उड़ीसा) और सरोज बेहरा निवासी रेंगाली (उड़ीसा) को गिरफ्तार किया गया। दशरथ विश्वाल के खिलाफ थाना कोतवाली में 20 और थाना चक्रधरनगर में 17 स्थायी वारंट जारी थे, जबकि सरोज बेहरा के खिलाफ थाना कोतवाली में 17 और चक्रधरनगर में 2 स्थायी वारंट लंबित थे। दोनों आरोपी किस्तों पर ट्रैक्टर खरीदकर भुगतान किए बिना फरार हो जाते थे, जिसके कारण न्यायालय द्वारा उनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने सरोज बेहरा को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि दशरथ विश्वाल को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान थाना कोतवाली ने 43 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंट, चक्रधरनगर ने 34 स्थायी और 15 गिरफ्तारी वारंट, छाल ने 13 स्थायी और 12 गिरफ्तारी वारंट, पुसौर ने 10 स्थायी और 5 गिरफ्तारी वारंट, खरसिया चौकी ने 6 स्थायी और 4 गिरफ्तारी वारंट, लैलूंगा ने 8 स्थायी और 7 गिरफ्तारी वारंट, तमनार ने 5 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंट, कापू से 3 स्थायी और 7 गिरफ्तारी वारंट, धरमजयगढ़ से 1 स्थायी और 14 गिरफ्तारी वारंट, कोतरारोड़ से 1 स्थायी और 9 गिरफ्तारी वारंट तथा पूंजीपथरा थाना ने 4 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंट की तामिली की।
उल्लेखनीय है कि एसएसपी शशि मोहन सिंह की रायगढ़ जिले में 26 जनवरी को पदस्थापना के बाद से फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले 45 दिनों में अब तक 1467 वारंटों की तामिली की जा चुकी है, जिसमें 256 स्थायी वारंटी और 1211 फरार गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
