दोपहर 12 बजे चारा घोटाला के दोषी लालू यादव को सुनाई जाएगी सजा…

रांची21 फ़रवरी (वेदांत समाचार)। डोरंडा कोषागार से अवैध न‍िकासी मामले में दोषी ठहराए गए ब‍िहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री लालू यादव को आज सीबीआइ की व‍िशेष अदालत सजा सुनाएगी। दोपहर 12 बजे सजा की घोषणा होने की उम्‍मीद है। लालू यादव के अलावा चारा घोटाला के इस बड़े मामले में 37 अन्‍य दोष‍ियों को भी सजा सुनाई जाएगी।

लालू प्रसाद यादव इस समय रांची र‍िम्‍स में इलाजरत हैं। यहां पर होटवार जेल प्रशासन की ओर से उन्‍हें एक लैपटाप उपलब्‍ध करा द‍िया गया है। इसकी जांच परख कर ली गई है। मोबाइल से ही लैपटाप में इंटरनेट कनेक्‍ट‍िव‍िटी का प्रबंध क‍िया गया है। सीबीआइ कोर्ट के व‍िशेष जज एसके श‍श‍ि सजा सुनाएंगे। उधर, जेल प्रबंधन ने होटवार जेल में भी पुख्‍ता प्रबंध कर रखा है। वहां वीड‍ियो कांफ्रेंस‍िंंग रूम में बारी-बारी सभी दोषी पेश क‍िए जाएंगे। अदालत उन्‍हें सजा सुनाएगी। दोषी अपनी बात भी जज के समक्ष आनलाइन रख सकते हैं। मालूम हो क‍ि 15 फरवरी को सीबीआइ अदालत ने इन सभी को चारा घोटला मामले में दोषी ठहराया था।

ज‍िन दोष‍ियों को तीन साल से कम सजा सुनाई गई थी, उन्‍हें उसी द‍िन सीबीआइ कोर्ट से जमानत म‍िल गई थी। ऐसे में उम्‍मीद है क‍ि लालू प्रसाद यादव समेत अन्‍य दोष‍ियों को तीन साल से ज्‍यादा की सजा सुनाई जा सकती है। 15 फरवरी को अदालत ने 35 अभ‍ियुक्‍तों को तीन-तीन साल की सजा सुनाई थी। वहीं, 24 अभ‍ियुक्‍तों को कोर्ट ने बरी कर द‍िया था।

लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला के चार मामलों में हो चुकी है पहले सजा
मालूम हो कि लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला के अन्य चार मामलों में सजा हो चुकी है। उनको देवघर कोषागार से अवैध निकासी मामले में 3.5 साल की सजा सुनाई गई थी। वहीं, दुमका कोषागार से अवैध राशि की निकासी मामले में उनको 5 साल की सजा हो चुकी है। इसी तरह चाईबासा कोषागार से निकासी के एक मामले में उन्हें 5 साल और इसी कोषागार दूसरी अवैध निकासी के मामले में उन्हें 7 साल की सजा सुनाई जा चुकी है। लालू प्रसाद यादव अपनी कुल सजा का आधा से अधिक समय जेल में गुजार चुके हैं। इसी आधार पर उन्हें जमानत दी गई थी। अब देखना यह है कि आज सीबीआइ की विशेष अदालत लालू प्रसाद यादव को डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में कितने साल की सजा सुनाती है। दोपहर 12:00 बजे तक तस्वीर साफ हो जाने की उम्मीद है। जेल प्रशासन लैपटॉप और इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ जेल में रांची रिम्स में मुस्तैद है।

आज राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से किसी की नहीं होगी मुलाकात
चारा घोटाला के डोरंडा कोषागार मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव वाया जेल रांची रिम्स में इलाजरत हैं। खबर है कि आज सोमवार को लालू प्रसाद यादव से किसी की मुलाकात नहीं हो सकती है। जेल प्रशासन आज किसी को उनसे भेंट करने की इजाजत नहीं देगा। इसकी वजह यह बताई जा रही कि आज दोपहर 12:00 बजे सीबीआइ की विशेष अदालत की ओर से सजा का ऐलान होने वाला है। इस वजह से होटवार जेल प्रशासन किसी भी मुलाकाती को उनसे मिलने का मौका नहीं देगा। संभव है कि सजा के ऐलान के समय केवल उनके सेवादार ही उनके पास मौजूद रहें। मालूम हो कि जेल प्रशासन को आवेदन देकर हर दिन कई लोग लालू यादव से मुलाकात करते हैं। हालांकि कि लालू प्रसाद ने रविवार को किसी से मुलाकात नहीं की थी। अब आज भी लालू यादव से किसी की मुलाकात नहीं हो सकती है।

रिम्स के पेइंग वार्ड के आसपास पसरा सन्नाटा, नहीं नजर आ रहे राजद कार्यकर्ता और नेता
भारतीय राजनीति में किंग मेकर और गरीबों के मसीहा कहे जाने वाले लालू प्रसाद यादव आज रिम्स के जिस पर पेइंग वार्ड में इलाजरत हैं, उसके आसपास राजद कार्यकर्ताओं का कहीं अता-पता नहीं है। रिम्स के पेइंग वार्ड वाली बिल्डिंग के आसपास पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। कहीं कोई राजद कार्यकर्ता आज उनसे मिलने या उनकी एक झलक पाने के लिए यहां नजर नहीं आ रहा है। मालूम हो कि जब 15 फरवरी को लालू प्रसाद यादव को सीबीआइ की विशेष अदालत की ओर से फैसला सुनाया गया था, दोषी ठहराया गया था, उस दिन अच्छी संख्या में राजद के कार्यकर्ता रांची में मौजूद थे। राजद के कार्यकर्ता उस दिन जमकर लालू यादव के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे। जेल का फाटक टूटेगा, लालू यादव छूटेगा… जैसे नारे उनके दिग्गज नेता लगा रहे थे। लेकिन आज नजारा कुछ और है। लालू प्रसाद को सजा सुनाने की घड़ी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, रिम्स के पेइंग वार्ड के आसपास सन्नाटा और गहराता जा रहा है।