Vedant Samachar

पिता-पुत्र ने एक साथ की आत्महत्या किराए के मकान में एक साथ खाया जहर, पड़ोसी बोले- बीमारी से परेशान थे पिता-पुत्र

Vedant Samachar
4 Min Read

दुर्ग ,15मार्च (वेदांत समाचार) : दुर्ग शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को एक किराए के मकान में पिता और बेटे का एक साथ शव मिला है। घटना आपापुरा के भोईपारा क्षेत्र की है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 70 साल के अरुण टंडिया और उनके 35 साल के बेटे पंकज टंडिया के रूप में हुई है। दोनों कुछ महीने पहले ही भोईपारा में किराए के मकान में रहने आए थे। इससे पहले वे शहर के किसी दूसरे इलाके में रहते थे।

दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को हुआ शक
शनिवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। आसपास के लोगों ने पहले आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने स्थानीय पार्षद को सूचना दी। पार्षद ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। जब अंदर देखा गया तो पिता और बेटे दोनों के शव कमरे में पड़े थे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने मौके की जांच शुरू की।

जहर की शीशी पुलिस ने बरामद की
जांच के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम से जहर की एक शीशी भी मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहर खाकर जान दी है। पुलिस आसपास के लोगों और मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि अरुण टंडिया बुजुर्ग हो गए थे और ज्यादातर समय घर पर ही रहते थे। वहीं उनका बेटा पंकज मजदूरी करके घर का खर्च चलाता था। पंकज की मानसिक हालत भी ठीक नहीं बताई जा रही है। उसे मिर्गी की बीमारी भी थी। इसके कारण वह कई बार परेशान रहता था।

6 महीने मां की हुई थी मौत
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि पंकज की मां की करीब छह महीने पहले ही मौत हो गई थी। मां की मौत के बाद पिता और बेटा दोनों अकेले ही रह रहे थे। घर में खाना बनाने की व्यवस्था नहीं थी, इसलिए दोनों के लिए रोज टिफिन सेंटर से खाना आता था। शुक्रवार शाम को भी पंकज टिफिन लेकर घर आया था। आसपास के लोगों ने उसे खाना लाते हुए देखा था। बताया जा रहा है कि दोनों ने रात में खाना खाया और उसके बाद कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद सुबह तक दरवाजा नहीं खुला।

आज होगा पोस्टमॉर्टम
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी और बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की आशंका लग रही है। हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेज दिया है। मृतक बुजुर्ग अरुण टंडिया की बेटी जगदलपुर में रहती है। रविवार को उसके दुर्ग पहुंचने के बाद रविवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Share This Article