Vedant Samachar

मौसम का यू टर्न, आज हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर ,15मार्च (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में मार्च महीने से गर्मी की शुरुआत हो गई है। इसी बीच मौसम विभाग ने सेंट्रल और साउथ छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश का तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक ज्यादा है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे ज्यादा तापमान 39.6°C बिलासपुर में दर्ज किया गया।

वही सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ है। हालांकि, अगले 24 घंटों में पारा 4°C तक गिर सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले 2 दिनों में प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम का रुख बदलेगा। इससे तेज गर्मी पड़ रही इलाकों में राहत की उम्मीद है।

गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अलर्ट

​मौसम विभाग के मुताबिक, आज (15 मार्च) दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, अगले दो दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसमें हवाओं की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

ट्रफ लाइन के चलते बदल रहा है मौसम

मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण आंतरिक ओडिशा तक एक ‘ट्रफ’ (कम दबाव वाली रेखा) बनी हुई है, जो छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है।

यह सिस्टम समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह रेखा नमी को खींचती है। जब उत्तर से आने वाली ठंडी हवा और दक्षिण से आने वाली नमी वाली गर्म हवा इस रेखा पर मिलती है।

तब बादलों का निर्माण होता है। इसी वजह से अचानक धूप के बीच ‘लोकल सिस्टम’ बनता है और गरज-चमक के साथ बारिश होती है।

Share This Article