कोरबा/बिलासपुर, 14 मार्च 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की मेजबानी में आयोजित कोल इंडिया अंतर-कंपनी शतरंज प्रतियोगिता 2025–26 का समापन शनिवार को एसईसीएल वसंत विहार टाउनशिप स्थित वसंत क्लब में हुआ। समापन समारोह में एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी–योजना/परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित विभिन्न श्रमसंघों के प्रतिनिधि और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं होतीं, बल्कि विभिन्न अनुषंगी कंपनियों के कर्मचारियों के बीच आपसी सौहार्द, टीम भावना और सहयोग को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता, सीखने की भावना और निष्पक्ष खेल है।
प्रतियोगिता में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डबल्यूसीएल) ने पहला स्थान हासिल कर विजेता का खिताब जीता, जबकि साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को दूसरा स्थान मिला। महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कोल इंडिया की आठों अनुषंगी कंपनियों के साथ-साथ सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड के खिलाड़ियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उच्च स्तर के खेल कौशल, एकाग्रता और रणनीतिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

