Vedant Samachar

‘साहब, कस्टडी में ही फेरे करा दो…’ भोपाल में मंडप से दूल्हा गिरफ्तार, दुल्हन पहुंच गई थाने…

Vedant Samachar
2 Min Read

भोपाल,14 मार्च: राजधानी भोपाल में एक शादी समारोह अचानक सनसनीखेज घटना में बदल गया। फेरों की तैयारी के बीच पुलिस ने छापा मारकर दूल्हे आकाश उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया। आकाश पर कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप है और वह कथित ‘इलीगल गैंग’ का सरगना बताया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद शादी का माहौल देखते ही देखते सन्नाटे में बदल गया।

हल्दी और मेहंदी के साथ थाने पहुंची दुल्हन

दूल्हे की गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन सीमा कोहेफिजा थाने पहुंच गई। उसके हाथों में मेहंदी, चेहरे पर हल्दी और गले में शादी की माला थी। सीमा ने पुलिस अधिकारियों से भावुक होकर कहा कि उसकी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी और उसने अपने होने वाले पति के अपराधों के बारे में कुछ नहीं जाना। उसने पुलिस से गुहार लगाई कि दूल्हे को सिर्फ दो घंटे के लिए छोड़ दिया जाए ताकि शादी की रस्में पूरी हो सकें, या फिर कस्टडी में ही फेरे करा दिए जाएं। हालांकि पुलिस ने उसकी यह मांग स्वीकार नहीं की।

अपहरण और फिरौती के आरोप

पुलिस के अनुसार आकाश और उसके साथियों पर 26 वर्षीय पुजारी के अपहरण का आरोप है। आरोपियों ने उसे एक फ्लैट में बंधक बनाकर मारपीट की और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 8 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पीड़ित के भाई से 50 हजार रुपये ऑनलाइन वसूले गए थे। किसी तरह पीड़ित वहां से भाग निकला और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे को शादी समारोह से गिरफ्तार कर लिया।

31 आपराधिक मामले, गैंग का नेटवर्क बड़ा

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आकाश उर्फ भूरा पर हत्या, अपहरण और वसूली समेत 31 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने उसके साथ पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी है।

Share This Article