कोरबा, 13 मार्च 2026। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम द्वारा ग्राम डिंडोलभाठा में शुक्रवार को स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य अभियंता एच.के. सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।
एचटीपीएस द्वारा आसपास के गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह पहल छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की नई 2×660 मेगावाट परियोजना के अंतर्गत निगमित पर्यावरणीय उत्तरदायित्व (CER) कार्यक्रम का हिस्सा है। इसके तहत संयंत्र के आसपास के 11 गांवों में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
शिविर में एमजेएम हॉस्पिटल कोरबा के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. प्रिंस जैन (एमडी, मेडिसिन) ने ग्रामीणों को राज्य व केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आयुष्मान भारत योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
वहीं ओजान न्यूरो सेंटर की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कल्पना अहरवाल ने महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने 9 से 13 वर्ष की बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने की सलाह देते हुए बताया कि इससे बच्चेदानी के मुंह के कैंसर से बचाव संभव है। साथ ही उन्होंने महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता, गर्भावस्था में नियमित जांच, बच्चों को टीकाकरण और टीबी से बचाव के लिए मास्क के उपयोग की जानकारी दी।
एचटीपीएस के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रेणु कौशिक ने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर अभिभावकों को आवश्यक सलाह दी।
शिविर में कुल 62 ग्रामीणों की मधुमेह और रक्तचाप की जांच की गई, जबकि 90 ग्रामीणों को सर्दी, खांसी, बुखार सहित आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। ग्राम डिंडोलभाठा और छिरहुट के 107 ग्रामीणों ने इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या, अधीक्षण अभियंता एस.के. गोठी, एस.आर. धुर्वे, सुमित सिंह, टी.पी. सिंह, ए.एस. तोमर, डॉ. एस.सी. खरे, डॉ. श्वेतांबरी महंता, डॉ. पी.के. पटेल, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा ग्राम के जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।