रायपुर,13मार्च (वेदांत समाचार) । पुलिस प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में राजधानी में एक नया कदम उठाया गया है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अंतर्गत 12 मार्च को नवीन पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) कार्यालय और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। नया कार्यालय लाल गंगा मॉल के सामने जीई रोड स्थित परिसर में शुरू किया गया है।
इस कार्यालय के माध्यम से उत्तर क्षेत्र के पुलिस प्रशासनिक कार्यों को संचालित किया जाएगा। डीसीपी नॉर्थ कार्यालय के अंतर्गत अब गुढ़ियारी, गुढ़ियारी, खमतराई, उरला, पंडरी और खम्हारडीह थानों का पर्यवेक्षण किया जाएगा। नवीन कार्यालय में मयंक गुर्जर पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) के रूप में कार्यभार संभालेंगे, जबकि आकाश मरकाम अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के रूप में प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नए कार्यालय के शुरू होने से उत्तर क्षेत्र के थानों की निगरानी और कानून व्यवस्था को और प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकेगा।