बिलासपुर,13मार्च (वेदांत समाचार)। बिलासपुर में कलेक्टर की सख्त चेतावनी के बावजूद गैस सिलेंडर की जमाखोरी और ब्लैकमार्केटिंग हो रही है। शहर से लगे कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र में किचन केयर और किराना स्टोर में छापेमारी कर 126 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच के दौरान गैस निकालने के उपकरण भी मिले। इसके बाद संबंधित लोगों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई का दावा किया गया है। दरअसल, गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने लगातार दूसरे दिन शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। इससे पहले बुधवार को हुई कार्रवाई में 72 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे।
जिला प्रशासन और गैस वितरकों का कहना है कि जिले में कहीं भी गैस सिलेंडर की कमी नहीं है, लेकिन जमीनी स्थिति अलग नजर आ रही है। एजेंसियों में पहुंचने वाले लोगों को ऑनलाइन बुकिंग कराने कहा जा रहा है, जबकि उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस कंपनियों के टोल फ्री नंबर पर कॉल नहीं लग रहा।
इससे परेशान होकर लोग एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। नतीजतन गैस लेने के लिए एजेंसियों में लंबी कतार लग रही है। गैस एजेंसियों से जुड़े लोगों का कहना है कि तकनीकी कारणों से सर्वर डाउन होने के कारण यह समस्या आ रही है। सर्वर की दिक्कत के कारण न तो ऑनलाइन बुकिंग हो पा रही है और न ही ओटीपी जनरेट हो रही है।
कोनी में घर से 55 खाली सिलेंडर बरामद
गैस की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर खाद्य विभाग की टीम ने कोनी क्षेत्र में छापेमारी की। यहां एक मकान से घरेलू गैस के 55 खाली सिलेंडर जब्त किए गए। जांच में पता चला कि यह मकान आरक्षक अजय सोनवानी के भाई सुनील सोनवानी का है। मकान शुभम किचन केयर के संचालक श्रवण साहू को किराए पर दिया गया था। आसपास के लोगों का कहना है कि आरक्षक का छोटा भाई सूरज सोनवानी भी गैस सिलेंडर के अवैध कारोबार से जुड़ा है।
सिरगिट्टी में दुकान से गैस निकालने का उपकरण मिला
जांच के दौरान टीम सिरगिट्टी के बन्नाक चौक स्थित प्रीति किचन केयर पहुंची। यहां 8 घरेलू और 2 कमर्शियल सिलेंडर मिले, जो सभी खाली थे। दुकान से वजन मशीन और बांसुरीनुमा यंत्र भी मिला। इस उपकरण का इस्तेमाल सिलेंडर से गैस निकालने में किया जाता है।
आरक्षक का भाई भी अवैध कारोबार से जुड़ा
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार कोनी में जिस घर से सिलेंडर जब्त हुए, वह मकान सुनील सोनवानी का है, जो बोरवेल का काम करता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुनील आरक्षक अजय सोनवानी का भाई है, जो कोरबा में पदस्थ है। सुनील यहां नहीं रहता, जबकि उसका दूसरा भाई सूरज सोनवानी भी गैस की कालाबाजारी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इलाके में चर्चा है कि श्रवण साहू और सूरज सोनवानी मिलकर यह कारोबार करते हैं।
आरोपी ने कहा – सिलेंडर खरीदकर बेचता हूं
जांच टीम में शामिल एएफओ राजीव लोचन तिवारी, मंगेश कांत और वर्षा सिंह ने श्रवण साहू से पूछताछ की। उसने बताया कि वह लोगों से सिलेंडर खरीदता है और जरूरतमंदों को बेच देता है। उसने सभी सिलेंडर अपना होना भी स्वीकार किया। इसके बाद सिलेंडर जब्त कर उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले भी श्रवण की शुभम किचन केयर दुकान से 13 घरेलू सिलेंडर जब्त हुए थे।
स्कूल के पास दुकान में 61 सिलेंडर मिला
देर शाम खाद्य विभाग की टीम ने सिरगिट्टी में सुशील किचन केयर किराना स्टोर के पास एक दुकान में छापेमारी की। दुकान बंद थी। अधिकारियों ने मोबाइल की टॉर्च से अंदर देखा तो बड़ी संख्या में सिलेंडर नजर आए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में ताला तोड़कर जांच की गई। अंदर से 21 घरेलू, 7 व्यावसायिक और 33 छोटू सिलेंडर सहित कुल 61 सिलेंडर बरामद हुए। इनमें 5 घरेलू सिलेंडर भरे हुए थे।
खतरे के बीच स्कूल के पास रखा था सिलेंडर
दुकान के पीछे ही एक प्राइमरी स्कूल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में आग तेजी से फैलती है। अगर दुकान में आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सिलेंडर जब्त, दुकान सील, संचालक को नोटिस
कार्रवाई के बाद सभी सिलेंडर जब्त कर दुकान को सील कर दिया गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने दुकान मालिक को बुलाया, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसे पहले ही छापेमारी की सूचना मिल गई थी। जांच में यह भी पता चला कि कालाबाजारी में शामिल व्यक्ति के भाई की पास में ही किचन केयर की दुकान है।