Vedant Samachar

15 मार्च को छत्तीसगढ़ आएंगे जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, तीन दिन रहेंगे प्रवास पर

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,13मार्च (वेदांत समाचार)। परमाराध्य परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का 15 मार्च से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान वे विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे और श्रद्धालुओं को दर्शन व आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

शंकराचार्य जी के मीडिया प्रभारी अशोक साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि शंकराचार्य जी 15 मार्च को अहमदाबाद से रायपुर विमानतल पहुंचेंगे। विमानतल पर श्रद्धालुओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा और भक्तगण दर्शन लाभ प्राप्त करेंगे।

ज्योतिर्मठ के सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय के अनुसार, रायपुर विमानतल से शंकराचार्य जी राजीव नगर स्थित आलोक सिंह के निवास पहुंचेंगे, जहां सिंह परिवार द्वारा पादुकापूजन किया जाएगा। इसके पश्चात वे बेमेतरा जिले के सलधा स्थित सपाद लक्षेश्वर धाम के लिए प्रस्थान करेंगे।

सपाद लक्षेश्वर धाम पहुंचने पर दंडी स्वामी श्रीमज्ज्योतिर्मानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा उनका स्वागत और पूजन किया जाएगा। यहां श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिलेगा। 16 और 17 मार्च को शंकराचार्य जी नवनिर्मित सवा लाख शिवलिंग मंदिर का निरीक्षण करेंगे तथा निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन देंगे।

कमलेश दत्त दुबे के निवास पर होगा स्वागत

कार्यक्रम के अनुसार 18 मार्च को प्रातः 7 बजे शंकराचार्य जी सपाद लक्षेश्वर धाम सलधा से प्रस्थान कर बेमेतरा के कृष्णा विहार स्थित कमलेश दत्त दुबे के निवास पहुंचेंगे। वहां दुबे परिवार द्वारा उनका स्वागत-अभिनंदन करते हुए पादुकापूजन किया जाएगा।

इसके बाद शंकराचार्य जी बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां उनके कृपापात्र शिष्य हरीश शाह के ग्राम चिचिरदा स्थित कुंज कुटीर फार्महाउस में आगमन होगा। यहां बिलासपुर के सनातन समाज, गौभक्तों और शाह परिवार द्वारा उनका भव्य स्वागत और पादुकापूजन किया जाएगा। इसके पश्चात शंकराचार्य जी बिलासपुर से वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे।

Share This Article