Vedant Samachar

कोरबा में ‘सजग कोरबा’ अभियान के तहत पुलिस की सघन कार्रवाई, 14 लोगों पर विभिन्न धाराओं में कार्रवाई

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 12 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग और कार्रवाई की। इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन, सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन और अवैध शराब बिक्री के मामलों में कुल 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने इमली डुग्गू, सीतामढ़ी, संजय नगर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रात्रि के समय बाइक से सघन पेट्रोलिंग की।

पेट्रोलिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर दो व्यक्तियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए जाने पर दो लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।

इसके अलावा अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले 10 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब बिक्री में संलिप्त तीन अन्य व्यक्तियों के खिलाफ निगरानी खोलने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सरप्राइज चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में बेवजह घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

पुलिस ने बताया कि नशे के कारोबार में संलिप्त संजय पावले निवासी इंडस्ट्रियल एरिया कोरबा के खिलाफ पूर्व में ही जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share This Article