Vedant Samachar

कोरबा: वार्ड 40 और 54 में मेगा स्वच्छता ड्राइव, आयुक्त ने पैदल भ्रमण कर किया निरीक्षण

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 12 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्वच्छता महाअभियान के नौवें दिन वार्ड क्रमांक 40 पाड़ीमार क्र. 01 और वार्ड क्रमांक 54 जमनीपाली दर्री में मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाई गई। इस दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने दोनों वार्डों में पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभियान के तहत बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य व संपर्क सड़कों और नालियों की व्यापक सफाई की गई। नालों के ऊपर लगे स्लैब हटाकर उनकी सतह से गंदगी निकाली गई, सड़कों के किनारे जमी धूल-मिट्टी व झाड़ियों की सफाई की गई तथा कचरे का त्वरित उठाव व परिवहन कराया गया। साथ ही कीटनाशक दवाओं और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया।

महापौर संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के दौरान आयुक्त ने वार्डों की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएंडडी वेस्ट, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, दुकानों में डस्टबिन नहीं रखने तथा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने घर-घर जाकर नागरिकों से बातचीत की और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, रजत खुंटे, अपर आयुक्त विनय मिश्रा सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

स्वच्छता में सहयोग की अपील
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों से शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग न करें।

13 मार्च को इन वार्डों में अभियान
स्वच्छता महाअभियान के तहत 13 मार्च को वार्ड क्रमांक 6 पुरानी बस्ती और वार्ड क्रमांक 15 परिवहन नगर में विशेष मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाकर व्यापक साफ-सफाई कार्य किए जाएंगे।

Share This Article