कोरबा, 12 मार्च 2026। नशामुक्त भारत अभियान के तहत स्कूल और कॉलेजों के आसपास अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा ने कार्रवाई करते हुए मिनीमाता कन्या महाविद्यालय के पास लगे अवैध ठेले-गुमठियों और नशापान की दुकानों को हटाया। इस दौरान निगम के अतिक्रमण दस्ते ने मुख्य मार्ग से लगे अतिक्रमण को भी हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।
जोन कमिश्नर पवन वर्मा के नेतृत्व में निगम की टीम ने घंटाघर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे ठेला लगाकर व्यवसाय करने वालों पर कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी ठेले और दुकानों को हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिली।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान कलेक्टर कुणाल दुदावत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर चलाया जा रहा है। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और नशे के अड्डों पर रोक लगाने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जिला प्रशासन, निगम प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मिनीमाता कन्या महाविद्यालय के सामने लंबे समय से किए जा रहे अतिक्रमण को हटाकर स्थल को खाली कराया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्कूल और कॉलेजों के आसपास अवैध ठेले-गुमठियों के संचालन और इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर तंबाकू उत्पाद, गुटखा, पान और सिगरेट की बिक्री की संभावना रहती है, जिससे छात्रों को परेशानी होती है और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी बढ़ता है।
आयुक्त ने व्यापारियों से भी अपील की है कि वे मुख्य सड़कों और मार्गों पर अपनी दुकानों का सामान बाहर न रखें और अवैध रूप से ठेले-गुमठियां लगाकर अतिक्रमण न करें। अन्यथा नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।