रायगढ़, 12 मार्च (वेदांत समाचार)। नगर निगम वार्ड क्रमांक 2 की पार्षद नेहा देवांगन द्वारा फिनायल पीकर आत्महत्या की कोशिश किए जाने से शहर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है।
सूत्रों के अनुसार, पार्षद नेहा देवांगन ने यह कदम पारिवारिक विवाद के चलते उठाया है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस जल्द ही नेहा देवांगन और उनके परिजनों से इस मामले में पूछताछ कर सकती है।
बताया जा रहा है कि नेहा देवांगन रायगढ़ नगर निगम के वार्ड क्रमांक 2 की पार्षद हैं और भारतीय जनता पार्टी संगठन से भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।