Vedant Samachar

स्वच्छता, पीएम आवास और पेयजल व्यवस्था सुधारने कलेक्टर के निर्देश

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 12 मार्च (वेदांत समाचार)। कलेक्टर श्री महोबे ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर स्वच्छता व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पेयजल आपूर्ति और नगर विकास से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने पीएम आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आवास निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित करने, गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण तथा सेग्रीगेशन सेंटर तक कचरा पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वच्छता दीदियों के माध्यम से सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, नालियों की नियमित सफाई और सॉलिड व लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट को व्यवस्थित रूप से लागू करने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर ने कहा कि भवन अनुज्ञा से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहरों में आवारा कुत्तों के टीकाकरण अभियान चलाने और संपत्तिकर वसूली अभियान को तेज करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इस दौरान डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी, जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, निर्माण शाखा के सब इंजीनियर तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Share This Article