जांजगीर-चांपा, 12 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में नियमों का उल्लंघन कर अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने देर रात तेज आवाज में डीजे बजा रहे एक संचालक को गिरफ्तार कर डीजे सिस्टम और मेटाडोर वाहन जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ज्योतिष कश्यप (30 वर्ष), पिता बैसाखु कश्यप, निवासी बाल्को कोरबा को देर रात चाम्पा रोड क्षेत्र में मेटाडोर वाहन में डीजे सिस्टम माउंट कर अत्यधिक तेज आवाज में संगीत बजाते हुए पकड़ा गया। मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) ने पूर्व में थाना प्रभारियों की बैठक लेकर नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया था।
इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि चाम्पा रोड क्षेत्र में एक डीजे अत्यधिक तेज आवाज में बजाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां मेटाडोर में डीजे सिस्टम लगाकर तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीजे संचालक को हिरासत में लिया और मेटाडोर वाहन सहित डीजे सिस्टम को जब्त कर लिया।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक भीम श्रीवास तथा आरक्षक नितेश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।