- छत्तीसगढ़ के 24 लाख से अधिक किसानों को मिलेंगे 498.83 करोड़ रुपये, कोरबा के 79 हजार से ज्यादा किसान होंगे लाभान्वित
कोरबा, 12 मार्च 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देशभर के पात्र किसानों को 22वीं किश्त की राशि 13 मार्च 2026 को शाम 5 बजे जारी की जाएगी। यह राशि गुवाहाटी, असम से सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।
इस अवसर पर देश के लगभग 9.32 करोड़ पात्र किसान परिवारों को 18,650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जाएगी। योजना की शुरुआत से अब तक 21 किश्तों के माध्यम से किसानों को 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी जा चुकी है।
भारत सरकार के निर्देशानुसार इस दिन को पूरे देश में पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ में इस किश्त के तहत कुल 24 लाख 71 हजार 498 यूनिक लाभार्थियों को 498.83 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त होगी।
वहीं कोरबा जिले के 79 हजार 629 किसानों के खातों में लगभग 16.14 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी।
उत्सव दिवस के अवसर पर ग्रामीण नोडल अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के केंद्रीय स्थानों पर किसान सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान किसानों को योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं जैसे ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और फार्मर आईडी के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।
साथ ही किसान “नो योर स्टेटस” मॉड्यूल के माध्यम से अपने खाते में जमा हुई राशि की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।