Vedant Samachar

CG BUS ACCIDENT: चलती बस में भीषण आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Vedant samachar
2 Min Read

जशपुर, 12 मार्च (वेदांत समाचार)। राजधानी के खादगढ़ा बस स्टैंड से रायपुर-जशपुर के लिए रवाना हुई शिवनाथ बस में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना नामकुम थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर हुई। चालक की सूझबूझ के चलते बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस जैसे ही नामकुम रिंग रोड के पास पहुंची, तभी अचानक इंजन या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई।

आग की लपटें उठते देख चालक ने तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को शोर मचाकर तुरंत नीचे उतरने के लिए कहा। चालक की तत्परता से सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। यात्रियों के उतरते ही बस धू-धू कर जलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि चालक ने समय रहते बस नहीं रोकी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हालांकि इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि किसी को अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिल पाया। बस की डिक्की और सीटों पर रखा यात्रियों का सामान, कपड़े और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article