Vedant Samachar

विकास व निर्माण कार्यों और राजस्व वसूली में लाएं तेजी – आयुक्त आशुतोष पाण्डेय

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 11 मार्च 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम के विकास व निर्माण कार्यों की कार्यप्रगति में तेजी लाने तथा राजस्व वसूली को प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक सेवाओं, जनसमस्याओं, शिकायतों और टी.एल. प्रकरणों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बुधवार को नगर पालिक निगम के पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार स्थित एमआईसी कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने जोन कमिश्नरों और प्रभारी अधिकारियों के साथ निगम के विभिन्न कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना मद, आदिवासी विकास प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन निगम मद, सांसद, विधायक एवं प्रभारी मंत्री मद, वित्त आयोग मद तथा एनकेपी मद सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जोनवार समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

टी.एल. प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण

बैठक में आयुक्त पाण्डेय ने कलेक्टर टी.एल., निगम टी.एल., जनचौपाल, मुख्यमंत्री जनदर्शन और पीएमओ पोर्टल में प्राप्त शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक निराकरण किया जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

राजस्व वसूली पर विशेष जोर

आयुक्त ने सम्पत्तिकर, समेकित कर, शिक्षा उपकर, जलकर तथा भवन-दुकान किराया सहित अन्य मदों से प्राप्त होने वाले राजस्व की वसूली की समीक्षा करते हुए इसे तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष का अंतिम माह चल रहा है, इसलिए वार्डों और बस्तियों में शिविर लगाकर तथा घर-घर जाकर वसूली अभियान चलाया जाए। बड़े बकायादारों से वसूली नहीं होने की स्थिति में उनकी संपत्तियों पर तालाबंदी की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी घटक की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि जिन हितग्राहियों को पहली किश्त मिल चुकी है लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, उन्हें निर्माण प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही निगम द्वारा निर्मित आवासों में आवंटित हितग्राहियों को शीघ्र शिफ्ट कराया जाए, अन्यथा आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

साफ-सफाई व्यवस्था पर सख्ती

आयुक्त पाण्डेय ने स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जोन कमिश्नरों, स्वच्छता अधिकारियों और मैदानी अमले को प्रतिदिन मॉर्निंग विजिट जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई के साथ-साथ अतिक्रमण, अवैध कब्जे और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए तथा समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया जाए।

बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त बी.पी. त्रिवेदी और पवन वर्मा सहित निगम के जोन कमिश्नर, अभियंता, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article