जगदलपुर, 11 मार्च । बस्तर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोधघाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 102.82 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 51 लाख 41 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 10 मार्च की शाम थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर आड़ावाल रेलवे फाटक के पास ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा तथा थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस ने मौके से पवन नेताम (29 वर्ष) निवासी ग्राम तुरेनार, थाना नगरनार, जिला बस्तर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो प्लास्टिक पैकेट में 2.58 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति की जानकारी दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम उड़ीसा के रायगढ़ा जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र के दाबलीगुड़ा गांव पहुंची, जहां दबिश देकर हीरालाल नाईक उर्फ कवि नाईक (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 100.24 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) और 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा, थाना प्रभारी लीलाधर राठौर सहित थाना बोधघाट की पुलिस टीम और बस्तर फाइटर्स के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
