Vedant Samachar

सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत तेज रफ्तार ट्रक ने लिया चपेट में, इधर रानीतराई में व्यापारी के उपर जानलेवा हमला…

Vedant Samachar
3 Min Read

दुर्ग ,11 मार्च (वेदांत समाचार)। दुर्ग जिले में बुधवार को धमधा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर रानीतराई थाना क्षेत्र में एक व्यापारी पर अज्ञात व्यक्ति ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पहला मामला धमधा से दुर्ग मार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप के आगे खान ढाबा के पास सड़क हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के चलते एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दी और घायल को 108 एम्बुलेंस की मदद से धमधा के सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने घायल की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नरसिंह यादव के रूप में हुई है, जो ग्राम सहगांव का रहने वाला बताया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम धमधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस मामले में धमधा पुलिस ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

व्यापारी पर जानलेवा हमला
इधर दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र में भी एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां के एक व्यापारी पर अज्ञात व्यक्ति ने जानलेवा हमला कर दिया। घायल व्यापारी की पहचान अनिल देवांगन के रूप में हुई है, जो अनिल इंटरप्राइजेस के मालिक बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अचानक अनिल देवांगन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनका इलाज पाटन अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही रानीतराई पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हमलावर की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Share This Article