Vedant Samachar

कलेक्टर जनदर्शन के आवेदनों की समाज कल्याण विभाग कर रहा अनदेखी, एक माह बाद भी कार्यवाही नहीं

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,11 मार्च (वेदांत समाचार)। समाज कल्याण विभाग, कोरबा के उप संचालक द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में प्रस्तुत किए जाने वाले आवेदनों की अवहेलना की जा रही है। एक माह गुजर जाने के बाद भी इन पर कार्यवाही नहीं हो रही है। बुजुर्ग महिला सुखमत बाई सतनामी ने 9 फरवरी, 2026 को कलेक्टर जनर्दशन में शिकायत पत्र प्रस्तुत किया था। इस शिकायत पत्र पर टोकन क्रमांक 2050126000436 एवं सुरक्षा क्रमांक 229 जारी किया गया। कलेक्टर ने सुखमत बाई सतनामी के शिकायत पत्र को जांच के लिए समाज कल्याण विभाग के उप संचालक हरीश सक्सेना को अग्रेषित किया था।

एक माह गुजर जाने के बाद भी उप संचालक हरीश सक्सेना द्वारा शिकायत पर की गई कार्यवाही की जानकारी नहीं दी जा सकी है। कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदन, शिकायत पत्रों को जांच- कार्यवाही के बाद संबंधित अधिकारी और विभाग को पोर्टल पर अपलोड करना होता है। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक द्वारा 10 मार्च, 2026 की स्थिति तक जांच कार्यवाही को जनदर्शन पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है। इससे पता चलता है उप संचालक हरीश सक्सेना ने शिकायत पत्र पर जांच नहीं की है अथवा स्नेह सदन वृद्धाश्रम की अव्यवस्था को छुपाने के लिए व स्वंय को बचाने की मंशा से कार्यवाही को लंबित रखा है। बुजुर्ग सुखमत बाई सतनामी ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित स्नेह सदन वृद्धाश्रम की व्यवस्था और उप संचालक हरीश सक्सेना एवं परिवीक्षा अधिकारी मुकेश दिवाकर के व्यवहार को लेकर शिकायत की गई थी। सुखमत बाई सतनामी स्नेह सदन वृद्धाश्रम में निवास कर रही थीं। वहां प्रताड़ित होने पर सुखमत बाई महापौर के पास पहुंची थीं। महापौर ने सुखमत बाई को प्रशांति वृद्धाश्रम में भर्ती कराया था।

Share This Article