बिलासपुर, 10 मार्च 2026। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर ने विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सुरक्षा संबंधी तकनीकी सुधार के लिए संबंधित विभागों को प्रतिवेदन भेजा गया है।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान यातायात पुलिस की टीम ने थाना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम खपरी स्थित दैजा-बीजा मोड़, चौकी जूनापारा के ग्राम धौरा कछार, थाना कोटा क्षेत्र के अमने मोड़ तथा चौकी बेलगहना और केंदा पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत आने वाले दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे और ग्रामीण सड़क योजना से जुड़े अधिकारियों के साथ दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा की गई तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप इंजीनियरिंग और तकनीकी सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। संबंधित विभागों को जल्द से जल्द सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
टीम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, चेतावनी और गति सीमा संकेतक, रेडियम रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप, कैट आई, ब्लिंकर और सुरक्षा पोलार्ड जैसे उपकरण लगाने की आवश्यकता बताई। इसके अलावा संकीर्ण मार्गों और चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाने, पेड़ों की छंटाई करने और अन्य सुरक्षात्मक उपायों को भी तत्काल लागू करने की बात कही गई।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।