Vedant Samachar

अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की सख्ती, कार से 190 किलो लोहे का स्क्रैप जब्त, आरोपी गिरफ्तार

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़,10 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में खरसिया पुलिस ने कार में अवैध लोहे का स्क्रैप ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 190 किलो लोहे का स्क्रैप और परिवहन में प्रयुक्त कार जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध स्क्रैप परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। 8 मार्च की शाम चौकी खरसिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में अवैध लोहे का स्क्रैप ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ठाकुरदिया से मौहापाली मालधक्का रोड पर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की।

जांच के दौरान मारुति फ्रोंक्स कार क्रमांक CG 13 BB 2808 की तलाशी लेने पर उसके भीतर से अवैध लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राजू अग्रवाल (47 वर्ष) निवासी छपरीगंज खरसिया बताया। आरोपी स्क्रैप परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कार में रखे करीब 190 किलो लोहे के स्क्रैप (लगभग 6,650 रुपये कीमत) और परिवहन में प्रयुक्त कार (करीब 4 लाख रुपये कीमत) को जब्त कर लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में बीएनएसएस की धारा 35(क)(ड) और बीएनएस की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी ने गवाहों से विवाद करते हुए उन्हें मुखबिरी का आरोप लगाकर धमकाया। पुलिस द्वारा समझाने के बाद भी वह नहीं माना और मारपीट की धमकी देने लगा। इसके बाद पुलिस ने जनशांति भंग होने की आशंका पर आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया तथा उसके खिलाफ धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा और आरक्षक डमरूधर पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी के कबाड़ और अवैध स्क्रैप परिवहन करने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

Share This Article