Vedant Samachar

बजट सत्र का आज 7वां दिन,प्रश्नकाल में CM समेत कई मंत्री देंगे जवाब, स्मार्ट सिटी मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव से गरमा सकता है सदन

Vedant Samachar
3 Min Read

रायपुर,10 मार्च (वेदांत समाचार)।छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन है। सदन में आज कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री और मंत्रियों द्वारा विधायकों के सवालों के जवाब दिए जाएंगे, वहीं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही सदन में प्रतिवेदन और याचिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही खनन और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों का मामला भी सदन में उठने की संभावना है। प्रश्नकाल में विधायकों की ओर से आयरन ओर के खनन और उसके परिवहन से जुड़े नियमों और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल पूछे जाएंगे।

इसके अलावा परिवहन विभाग से जुड़े फिटनेस परमिट और ओवरलोडिंग के मामलों पर भी सरकार से जानकारी मांगी जाएगी। वन विभाग से संबंधित प्रश्नों में बिगड़े वनों को सुधारने की योजना और उससे जुड़ी कार्ययोजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं राजस्व विभाग से जुड़े सवालों में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों का मुद्दा भी उठेगा। विधायकों की ओर से ऐसे मामलों में की गई कार्रवाई और प्रशासनिक व्यवस्था पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

नेशनल हेराल्ड को दिए विज्ञापन का मुद्दा भी उठेगा

सदन में बीजेपी विधायक रेणुका सिंह नेशनल हेराल्ड को दिए गए विज्ञापनों का मुद्दा भी उठाएंगी। इस मामले में सरकार से जानकारी मांगी जाएगी कि किन परिस्थितियों में और किस प्रक्रिया के तहत यह विज्ञापन जारी किए गए।

रायपुर स्मार्ट सिटी के सौंदर्यीकरण पर ध्यानाकर्षण

सदन में ध्यानाकर्षण के दौरान रायपुर स्मार्ट सिटी में सौंदर्यीकरण के नाम पर अनियमितताओं का मामला भी उठेगा। बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर, धरमलाल कौशिक और धर्मजीत सिंह इस विषय पर नगरीय प्रशासन मंत्री का ध्यान आकृष्ट करेंगे। विधायक इस योजना के तहत किए गए कामों और खर्च को लेकर सवाल उठा सकते हैं। इसके साथ ही परियोजना के क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और टंक राम वर्मा विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक स्मार्ट सिटी से जुड़े मुद्दों को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव के आय-व्यय को लेकर ध्यानाकर्षण लगाएंगे। वहीं सदन में सभापति अमर अग्रवाल विभिन्न प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगे। इसके अलावा विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम और संदीप साहू याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। साथ ही डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री दयाल दास बघेल और मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी।

Share This Article